गाजियाबाद: जिले के मोदीनगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक को पांच गोलियां लगीं, लेकिन गंभीर हालत में भी उसने हिम्मत नहीं हारी और खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन निवासी राहुल चौधरी (35) के रूप में हुई है। वह एक पुराने रंगदारी के मामले में जमानत पर बाहर आया था।
घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि राहुल चौधरी मोदीनगर के एनएच-58 स्थित एक ढाबे पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उनकी गाड़ी के पास आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी कार का दरवाजा खोलता नजर आया, जबकि दूसरा हमलावर नजदीक से गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गया।
हमले में राहुल को गर्दन, सीने, पेट और पैर में गोलियां लगीं। इसके बावजूद वह खुद अपनी एसयूवी चलाकर करीब 25 किलोमीटर दूर संजयनगर स्थित अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई और वहीं गिर पड़े। उन्हें तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हें पैसों के लेन-देन के लिए ढाबे पर बुलाया गया था और उसी दौरान इस हमले को अंजाम दिया गया।
पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

